मुख्यमंत्री की विधानसभा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1.104 किलो अफीम के : साथ मामी-भांजा गिरफ्तार
Abid Hussain
Sun, Oct 18, 2026
टनकपुर के बिचई रेलवे अंडरपास पर एसओजी, एएनटीएफ और टनकपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने पकड़ी अफीम, बाइक-मोबाइल और नकदी भी बरामद
टनकपुर, चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की विधानसभा चम्पावत के मैदानी क्षेत्र टनकपुर में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मामी-भांजे को 1.104 किलोग्राम अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक बरामद अफीम की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 10 हजार रुपये है। आरोपियों के कब्जे से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही टीवीएस मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और 1,150 रुपये की नकदी भी बरामद हुई है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में 17 अक्टूबर को एसओजी/एएनटीएफ और थाना टनकपुर पुलिस की संयुक्त टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान शाम करीब 5:20 बजे ग्राम बिचई स्थित रेलवे अंडरपास के उत्तरी छोर पर टीवीएस मोटरसाइकिल संख्या UK06 BJ 5542 पर सवार दो लोगों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से 1.104 किलोग्राम अफीम बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान जसपाल वर्मा पुत्र मदनलाल, निवासी बंडिया भट्टा, थाना किच्छा, जनपद ऊधम सिंह नगर और उसकी सगी मामी रेशमवती पत्नी शीशपाल लोधी, निवासी ग्राम बैटरा, थाना रिसौली, जनपद बदायूं, उत्तर प्रदेश के रूप में की है।
बरेली के रिश्तेदार से अफीम खरीदने की बात आई सामने
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में रेशमवती ने अफीम अपने रिश्तेदार विनोद लोधी निवासी सिरौली, जनपद बरेली से खरीदकर लाने की बात बताई। नेपाल सीमा पर एक नेपाली व्यक्ति को अफीम बेचने के संबंध में भी जानकारी सामने आई है। पुलिस अब इस मामले में अन्य संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर रही है।
एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोतवाली टनकपुर में मुकदमा संख्या 67/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18/60 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक चेतन रावत, एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक कमलेश भट्ट, एएनटीएफ प्रभारी उपनिरीक्षक प्रकाश भट्ट सहित हेड कांस्टेबल तपेंद्र जोशी, नासिर हुसैन, महेंद्र डंगवाल, कांस्टेबल उमेश राज, ललित कुमार, संजय कुमार, राजकुमार, कुलदीप सिंह, सूरज कुमार और महिला कांस्टेबल शोभा शर्मा शामिल रहे।
चम्पावत पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करें और नशा मुक्त अभियान में सहयोग करें।
Tags :
ब्रेकिंग न्यूज़