: बिजनौर के नसीरपुर गांव के रहने वाले किशोर का 48 घंटे बाद हुआ शव बरामद
admin
Thu, Jul 13, 2023
नहटौर। गांव की सीमा पर स्थित पुल पर पैर फिसलने से नदी में डूबे किशोर का शव 48 घंटे बाद डेढ़ किमी दूर बाग की बाउंड्री के पास तेज हवा के कारण नदी में गिरे पेड़ के नीचे अटका हुआ मिला। युवाओं ने काफी मशक्कत के बाद शव को ढूंढकर बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।बालक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

मालूम हो कि मंगलवार को ग्राम मिर्जापुर निवासी आकिब पुत्र सलीम अहमद (12 वर्ष) कुछ ग्रामीणों के साथ गांव की सीमा पर स्थित गांगन नदी में बढ़ रहे पानी को देखने गया था। करीब दिन के 12 बजे जब वह पुल पर खड़ा होकर पानी देख रहा था तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह पानी के तेज बहाव में बह गया। जिसे ग्रामीणों ने काफी तलाश किया लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल पाया था।

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने भी गोताखोरों को बुलाकर किशोर की तलाश की थी परन्तु किशोर नहीं मिला था इसके अलावा पीएसी के जवानों ने भी उसकी तलाश की लेकिन सफलता नही मिली थी और वह थक हारकर वापस लौट गए थे तभी से ग्रामीण युवक किशोर की तलाश में जुटे हुए थे।

बताया जाता है की आज गुरुवार को ग्राम जसमोरा निवासी जमालुद्दीन माहिगिर, मो इसरार, ग्राम मूसेपुर निवासी मो शाहिद सहित आधा दर्जन युवक बालक की तलाश में जुटे हुए थे। तभी पुल से करीब डेढ़ किमी दूर उन्हें कुछ दूरी पर एक बाग की बाउंड्री के निकट हवा से गिरे पेड़ के नीचे एक शव पानी मे अटका हुआ दिखाई दिया। जिसे उन्होंने बाहर निकाला तो वह शव तीन दिन पूर्व नदी में डूबे आकिब का था। आकिब का शव मिलने की खबर गांव में जंगल मे आग की तरह फैल गई। घटनास्थल पर सैकड़ो लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। ग्राम प्रधान मौ.दानिश की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। लेकिन किशोर के परिजन बिना पुलिस कार्रवाई किये शव को अपने साथ ले गए। प्रभारी निरीक्षक पंकज तोमर ने बताया कि शव का पंचायतनामा भरकर परिजनों की इच्छानुसार शवा उन्हें सौंप दिया गया है।इधर सैकडो ग्रामीणों की मौजूदगी में परिजनों ने बालक का नम आंखों से दफीना कर दिया है।
Tags :