: विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले गैंग का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को बनबसा पुलिस ने गुजरात से किया गिरफ्तार
admin
Mon, Sep 16, 2024
बनबसा/ जनपद चंपावत की बनबसा पुलिस को भारी सफलता मिली है। विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर बनबसा क्षेत्र के 3 युवको को स्कैमिंग का कार्य कराने के लिए म्यामार में बेचने वाले अभियुक्त को बनबसा पुलिस ने गुजरात से गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही क्षेत्र के बन्धक 3 युवको को भारतीय दूतावास के माध्यम से सकुशल वापस लाया गया है।
प्राप्त समाचार के अनुसार 10 जुलाई 2024 को राजेन्द्र सिह सौन पुत्र राम सिह, निवासी ग्राम गुदमी भैसाझाला बनबसा ने तहरीर देते हुए बताया कि । उनका पुत्र ललित सोन अपने दोस्तों के साथ जिसमें विकास, कमलेश व 3 खटीमा के युवकों के साथ घर से रोजगार की तलाश में दिल्ली के लिए गए थे। जहां से ये लोग बैंकाक निकल गये । जिनसे अब कोई सम्पर्क नही हो पा रहा है और न ही इनका कुछ पता चल पा रहा है। जिस सम्बन्ध में थाना बनबसा में 76/2024 धारा अन्तर्गत धारा 365 मुकदमा पंजीकृत किया गया।
एसपी अजय गणपति के निर्देश पर मामले की गंभीरता को देखते हुए । गुमशुदा युवकों की सकुशल बरामदगी व घर वापसी के लिये भारतीय दूतावास से पत्राचार किया गया।
विवेचना और वादी एवं पीड़ितों के बयानो के आधार पर यह तथ्य प्रकाश में आया कि राहुल उपाध्याय ने अपने दोस्त गुजरात निवासी जय जोशी जिसका वास्तविक नाम जयदीप रामजी टोकड़िया के साथ मिलकर उत्तराखण्ड राज्य से 7 युवाओं व अन्य राज्यों के बेरोजगार युवकों को अपनी बातों में बहला फुसलाकर विदेश में अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा देकर उन्हें भारत से गैर राष्ट्र बैकाक बुलाकर विदेशी कम्पनियों को 10,000/-थाई भाट व्यक्ति के हिसाब से बेच दिया। जहां विदेशी कम्पनियों द्वारा उन्हें म्यामार में गोपनीय स्थान पर ले जाकर उनसे स्कैमिंग का काम कराने के लिए बंधक बनाया तथा काम न करने पर उन युवकों के साथ मारपीट व दुर्व्यवहार व जबरदस्ती काम कराने एवं बन्धक बनाये गये युवकों को वापस भारत देश भेजने के लिए उनसे भारी भरकम धनराशि की मांग की गयी।
अभियुक्त जय जोशी जिसका वास्तविक नाम जयदीप रामजी टोकड़िया है जो के गुजरात राज्य के गांव टुकड़ा पोरबन्दर(गुजरात) में होना प्रकाश में आने पर थानाध्यक्ष बनबसा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त जय जोशी जिसका वास्तविक नाम जयदीप रामजी टोकड़िया को बीति 13 सितंबर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि अपने दोस्त राहुल उपाध्याय के साथ मिलकर बनबसा क्षेत्र के 3 तथा खटीमा क्षेत्र के 3 युवकों को अपनी बातों में बहला फुसलाकर बैंकॉक बुलाया था जहां से उन्हे विदेशी कम्पनियों के हाथों 10000/- थाई भाट प्रति व्यक्ति के हिसाब से बेच दिया था। दूसरे अभियुक्त राहुल उपाध्याय का वर्तमान में दुबई भाग जाना प्रकाश में आया है । जिसके विरूद्ध गिरफ्तारी हेतु आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। अभियुक्त जगदीप के ऊपर खटीमा रायवाला देहरादून और कमला एमबाग जिला पोरबंदर गुजरात में भी मामले दर्ज हैं ।
पुलिस टीम में उ.नि.लक्ष्मण सिंह जगवाण, थानाध्यक्ष बनबसा उ.नि.मनीष खत्री(प्रभारी SOG),जगवीर सिह ,सीपी मदन सिह,अनिल कुमार,गणेश सिह,गिरीश भट्ट शामिल रहे।
Tags :