: हत्या या हादसा अनसुलझी पहेली बनकर रह गया है अमोस की मौत का मामला, 5 दिन बीत जाने के बाद भी घटना का नहीं हो सका खुलासा
admin
Thu, Sep 12, 2024
आबिद सिद्दीकी
टनकपुर/ पाचं दिन पूर्व बिचई मार्ग पर हाईवे किनारे मृत अवस्था में मिले नाबालिक छात्र अमोस की मौत अनसुलझी पहेली बनकर रह गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी युवक की मौत का कारण अत्यधिक रक्त स्राव होना बताया गया है। पुलिस युवक की मौत की गुत्थी को सुलझाने में अभी तक असफल नजर आ रही है।
आपको बता दें रविवार की सुबह बिचई के समीप नेशनल हाईवे पर पर एक युवक का खून से लथपथ शव पड़ा मिला था। पुलिस के अनुसार युवक के सर के पीछे कई गहरे घाव के निशान थे। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। एसपी अजय गणपति ने भी कोतवाली प्रभारी को मृतक युवक के मामले की गम्भीरता से जांच करने के निर्देश दिए थे।
5 दिन बीत जाने के बाद भी युवक की मौत की गुत्थी पूरी तरह उलझकर रह गई है। पुलिस की जांच का दायरा भी सिर्फ हादसे तक सिमट कर रह गया है। पुलिस युवक की मौत सड़क हादसे में होना मानकर चल रही है। सवाल यह है कि कहीं युवक के अंतिम संस्कार के साथ ही उसकी मौत का राज भी अग्नि में स्वाहा तो नही हो गया है। हालांकि पुलिस ने युवक के डीएनए को सुरक्षित रखवाया है, ताकि भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर उसे जांच हेतु विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जा सके। इधर इस मामले में मृतक अमोस के पिता जेम्स मेसी ने पुलिस द्वारा कही गई बात को एक सिरे से नकारते हुए हत्या का आरोप लगाते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। बुधवार को जेम्स मैसी के द्वारा सोशल मीडिया में वीडियो वायरल किया गया है। जिसमें उन्होंने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस उपाधीक्षक शिवराज सिंह राणा का कहना है कि मृतक अमोश की मौत पीएम रिपोर्ट में अत्यधिक रक्त स्राव बहने से होना बताया गया है। शरीर के किसी भी अंग में धारदार या अन्य हथियार के निशान नहीं पाए गए हैं। बल्कि शरीर में रगड़ होने के निशान मिले हैं । सीओ ने बताया कि पुलिस अभी भी बारीकी से जांच कर रही है।
Tags :