उत्तराखंड वन मंत्री से मिला टनकपुर जड़ी-बूटी व्यापार एसोसिएशन का : प्रतिनिधि मंडल
Abid Hussain
Sat, Jan 31, 2026
■उत्तराखंड वन मंत्री से मिला टनकपुर जड़ी-बूटी व्यापार एसोसिएशन का प्रतिनिधि मंडल
■ एनटीपीएस की जटिलताओं, कोल्ड स्टोरेज व कृषिकरण को लेकर रखे अहम सुझाव
टनकपुर/रामनगर।टनकपुर जड़ी-बूटी व्यापार एसोसिएशन का एक प्रतिनिधि मंडल बुधवार को रामनगर में आयोजित उत्तराखंड वन विकास निगम संवाद-2026 में शामिल हुआ। इस दौरान प्रतिनिधि मंडल ने प्रदेश के वन मंत्री सुबोध उनियाल से मुलाकात कर जड़ी-बूटी व्यापार से जुड़ी जमीनी समस्याओं और उनके समाधान को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।
एसोसिएशन के अध्यक्ष पुनीत शारदा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधियों ने विशेष रूप से एनटीपीएस (नेशनल ट्रांजिट पास सिस्टम) में आ रही व्यावहारिक परेशानियों की ओर मंत्री का ध्यान आकर्षित किया और इनके शीघ्र सरलीकरण की मांग की।
प्रतिनिधि मंडल ने उत्तराखंड वन विकास निगम के अंतर्गत जड़ी-बूटियों के सुरक्षित भंडारण हेतु नए टीन शेड बनाए जाने तथा कोल्ड स्टोरेज की स्थापना का सुझाव दिया, जिससे व्यापारियों को भारी नुकसान से बचाया जा सके। साथ ही यह भी प्रस्ताव रखा गया कि जड़ी-बूटियों का पंचायतों के माध्यम से आरक्षित वन क्षेत्रों में कृषिकरण कराया जाए, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार और आय के नए अवसर मिल सकें।
एसोसिएशन की ओर से यह मांग भी प्रमुखता से रखी गई कि कृषि भूमि पर उगाई गई जड़ी-बूटियों—जैसे तेजपात, रीठा, कड़ी पत्ता आदि—को वन विभाग के अभिवहन पास की बाध्यता से मुक्त किया जाए, ताकि किसानों और व्यापारियों को अनावश्यक प्रक्रियाओं से राहत मिल सके।
इस अवसर पर संगठन के सचिव विनय अग्रवाल, कोषाध्यक्ष आर.के. गुप्ता, संजय अग्रवाल, अतुल शारदा, दीपक शारदा, अभिषेक गुप्ता, सुधा शारदा, रश्मी अग्रवाल, छाया गुप्ता सहित सभी सदस्य उपस्थित रहे।
वन मंत्री सुबोध उनियाल ने प्रतिनिधि मंडल की बातों को गंभीरता से सुना और जड़ी-बूटी व्यापार से जुड़े मुद्दों के समाधान हेतु सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। संवाद के बाद व्यापारियों में उत्साह का माहौल देखा गया।
Tags :
अच्छी पहल