सब्सिडी अटकी, उपभोक्ता भड़के! सोलर प्लांट लगवाने वालों में जबरदस्त : नाराजगी
Abid Hussain
Sat, Dec 27, 2025
सब्सिडी अटकी, उपभोक्ता भड़के! सोलर प्लांट लगवाने वालों में जबरदस्त नाराज़गी
टनकपुर/ राज्य सरकार द्वारा सोलर ऊर्जा को बढ़ावा देने के बड़े-बड़े दावों के बीच जमीनी हकीकत बिल्कुल उलट नजर आ रही है। सोलर प्लांट लगवाने वाले उपभोक्ताओं को अब तक सब्सिडी नहीं मिलने से उनमें भारी रोष व्याप्त है। महीनों पहले आवेदन, सत्यापन और प्लांट स्थापना की प्रक्रिया पूरी करने के बावजूद उपभोक्ता आज भी सब्सिडी के इंतजार में भटकने को मजबूर हैं।
मनिहारगोठ निवासी तनवीर हुसैन, शहजादे नवाब आदि उपभोक्ताओं का आरोप है कि संबंधित विभाग केवल आश्वासन दे रहा है, लेकिन न तो कोई स्पष्ट समय-सीमा बताई जा रही है और न ही ठोस कार्रवाई हो रही है। इससे आम लोगों की आर्थिक स्थिति पर सीधा असर पड़ रहा है। कई उपभोक्ताओं ने कर्ज लेकर सोलर प्लांट लगवाए थे, जिन्हें सब्सिडी मिलने की उम्मीद थी, लेकिन अब वे ब्याज और किस्तों के बोझ तले दबते जा रहे हैं।
नाराज उपभोक्ताओं ने सवाल उठाया है कि जब सरकार हर मंच से सोलर ऊर्जा को बढ़ावा देने की बात कर रही है तो फिर सब्सिडी की फाइलें धूल क्यों फांक रही हैं? यह स्थिति सरकार की नीतियों और विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द सब्सिडी जारी नहीं की गई तो वे आंदोलन और विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने संबंधित विभाग और शासन-प्रशासन से मांग की है कि सब्सिडी की लंबित फाइलों का तत्काल निस्तारण कर उपभोक्ताओं को उनका हक दिलाया जाए, ताकि सोलर ऊर्जा जैसी महत्वपूर्ण योजना पर लोगों का विश्वास बना रहे।
Tags :
अधिकारियों की लापरवाही