स्वतंत्रता सेनानी नजीबुल्लाह का नाम सूचीबद्ध करने की प्रक्रिया तेज, : सत्यापन के लिए मांगे गए दस्तावेज
Abid Hussain
Mon, Mar 30, 2026
चम्पावत। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय नजीबुल्लाह का नाम सूचीबद्ध कर उन्हें सम्मान देने की प्रक्रिया अब तेज हो गई है। इस संबंध में जिलाधिकारी चम्पावत की ओर से जिलाधिकारी अल्मोड़ा को पत्र भेजकर आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन और प्रमाणिकता सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत मनिहारगोठ, टनकपुर निवासी शहीदन खातून ने अपने पिता स्व. नजीबुल्लाह को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के रूप में सूचीबद्ध किए जाने हेतु आवेदन किया था। इस प्रकरण की जांच उपजिलाधिकारी पूर्णागिरि (टनकपुर) द्वारा कराई गई, जिसमें वर्ष 1942 से संबंधित एक दस्तावेज प्रस्तुत किया गया है। उक्त दस्तावेज में नजीबुल्लाह को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बताया गया है, जिसे प्राथमिक युद्ध समिति, जिला अल्मोड़ा के प्रमाण पत्र के रूप में दर्शाया गया है।
हालांकि जांच के दौरान यह भी सामने आया कि संबंधित अभिलेखों की पूर्ण पुष्टि अभी शेष है। उपजिलाधिकारी द्वारा उपलब्ध कराए गए प्रमाण पत्र की वस्तुस्थिति और वैधता स्पष्ट करने के लिए जिलाधिकारी अल्मोड़ा से प्रमाणित अभिलेख और अन्य संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा गया है।
प्रशासन का कहना है कि सभी आवश्यक साक्ष्य मिलने के बाद ही नजीबुल्लाह को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के रूप में सूचीबद्ध करने की आगे की कार्रवाई की जाएगी। इससे पीड़ित परिवार को सम्मान और अधिकार मिलने की उम्मीद जगी है।
Tags :
ब्रेकिंग न्यूज़