कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को श्रद्धांजलि, : पूर्व सैनिकों का हुआ सम्मान
Abid Hussain
Sun, Jul 26, 2026
टनकपुर। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर सैनिक विश्राम गृह टनकपुर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्पावत के निर्देशन में "नालसा वीर परिवार सहायता योजना-2025" के अंतर्गत विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान कारगिल के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई, पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया तथा राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ वृक्षारोपण भी किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद द्वारा शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा, लेफ्टिनेंट मनोज पांडे सहित सभी वीर सैनिकों को श्रद्धासुमन अर्पित कर किया गया। मुख्य अतिथि तहसीलदार पिंकी आर्य एवं कोतवाल चेतन रावत के संयुक्त आतिथ्य में आयोजित समारोह में पूर्व सैनिकों ने कारगिल युद्ध के शौर्य और बलिदान को याद करते हुए युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कैप्टन चंद्रशेखर गहतोड़ी, कैप्टन राजेंद्र सिंह अधिकारी, कैप्टन केशव सिंह भंडारी, कैप्टन जोत सिंह, कैप्टन पूर्णानंद जोशी, सूबेदार मेजर महेश जोशी, सूबेदार पुष्कर सिंह बोहरा, सूबेदार धरम सिंह रावत, हवलदार मनोज तिवारी, हवलदार कैलाश राय तथा हवलदार दिग्विजय सिंह तड़ागी सहित अनेक पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।
शिविर में शहीद सैनिकों, अर्धसैनिक बलों एवं अन्य वीर कर्मियों के परिवारों को उपलब्ध निशुल्क विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में पीएलवी अधिकार मित्र अजय गुरुरानी, बिजेंद्र अग्रवाल, शमशाद बानो, किरण गहतोड़ी, सोनी सिंह, राधिका अधिकारी, कुंवर सिंह भंडारी, प्रियंका पंचोली सहित अनेक पीएलवी एवं प्रो बोनो स्वयंसेवकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का संदेश रहा—"शौर्य हमारा अभियान, साहस हमारी पहचान, बलिदान हमारी प्रेरणा और राष्ट्र सर्वोपरि।"
Tags :
अच्छी पहल