Thu 30 Apr 2026

ब्रेकिंग

का सम्मान

हैरान

में गूंजा आत्मविश्वास, सेवा और सुरक्षा का संदेश

प्रदेश तक गूंजा नाम!

कर्मियों को वितरित की किट

सुचना

रूस में लापता नेपाली युवक का मामला: विदेश मंत्रालय सक्रिय, दूतावास को : त्वरित कार्रवाई के दिए थे निर्देश

Abid Hussain

Fri, Jan 16, 2026

रूस में लापता नेपाली युवक का मामला: विदेश मंत्रालय सक्रिय, दूतावास को त्वरित कार्रवाई के निर्देश

काठमांडू। रूस में लापता हुए नेपाली युवक दिनेश नायक को सुरक्षित स्वदेश वापस लाने के लिए नेपाल सरकार का विदेश मंत्रालय पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विदेश मंत्रालय ने 14.4.2081 नेपाली तिथि यानी 29 जुलाई 2024 (भारतीय तिथि) को मॉस्को स्थित नेपाली दूतावास को औपचारिक पत्र भेजकर तत्काल और प्रभावी पहल करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं।

परिजनों के अनुसार, कंचनपुर जिले के स्थायी निवासी दिनेश नायक (पासपोर्ट संख्या 11611877) उच्च शिक्षा प्राप्त करने के उद्देश्य से छात्र वीजा पर रूस गए थे। लेकिन वहां प्रवास के दौरान वे कथित तौर पर कुछ मित्रों एवं परिचितों के उकसावे में आकर रूसी सेना में भर्ती हो गए। इसके बाद से ही उनकी स्थिति को लेकर परिवार और प्रशासन की चिंताएं लगातार बढ़ती चली गईं।

विदेश मंत्रालय के पत्र में उल्लेख किया गया है कि दिनेश नायक का 2080/08/10 (नेपाली तिथि), अर्थात 26 नवंबर 2023 (भारतीय तिथि) के बाद से अपने परिवार से कोई संपर्क नहीं हो पाया है। लंबे समय से संपर्क टूटने के कारण उन्हें लापता माना जा रहा है। परिजनों की ओर से लगातार गुहार लगाए जाने और संभावित खतरे की आशंकाओं को देखते हुए सरकार ने इस मामले को अत्यंत संवेदनशील मानते हुए कूटनीतिक हस्तक्षेप का निर्णय लिया है।

विदेश मंत्री के निजी सचिवालय की ओर से जारी पत्र में मॉस्को स्थित नेपाली दूतावास से आग्रह किया गया है कि वह अपने स्तर पर युवक की वास्तविक स्थिति का पता लगाए, संबंधित रूसी अधिकारियों से समन्वय स्थापित करे और दिनेश नायक की सुरक्षित एवं शीघ्र नेपाल वापसी सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए। कार्रवाई में किसी भी प्रकार की औपचारिक अड़चन न आए, इसके लिए पत्र के साथ विदेश मंत्री को संबोधित अनुरोध पत्र तथा दिनेश नायक के पासपोर्ट की प्रति भी संलग्न की गई है। इस पत्र पर विदेश मंत्रालय की ओर से शाखा अधिकृत तारा गौतम के हस्ताक्षर हैं।

इस प्रकरण की प्रतिलिपि कांसुलर सेवा विभाग, त्रिपुरेश्वर, काठमांडू तथा विदेश मंत्रालय के यूरोप–अमेरिका प्रभाग को भी भेजी गई है, ताकि विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बनाते हुए त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

उधर, इस घटनाक्रम के सामने आने के बाद नेपाल में विदेशों में फंसे युवाओं—विशेषकर संघर्षग्रस्त या संवेदनशील क्षेत्रों में पढ़ाई या रोजगार के लिए गए छात्रों—की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर बहस छिड़ गई है। दिनेश नायक के परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र की नजरें अब सरकार की इस पहल पर टिकी हुई हैं।

इस संबंध में महेंद्रनगर, कंचनपुर के पुलिस अधीक्षक खड़क खत्री ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यदि इस प्रकार का कोई मामला सामने आया है तो जिला प्रशासन को पीड़ित परिवार को विधिवत सूचना दी जानी चाहिए और हर संभव सहयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

फिलहाल, दिनेश नायक की सुरक्षित वापसी को लेकर उनके परिजन, स्थानीय लोग और प्रशासन सभी आशान्वित हैं और दूतावास की त्वरित कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं। दिनेश के पिता कण बहादुर ने नेपाल सरकार से इस मामले में उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

Tags :

नेपाल देश की घटना

जरूरी खबरें