टनकपुर: विष्णुपुरी कॉलोनी में ठेकेदार की मनमानी, JCB से तोड़े गए RCC : इंटरलॉक खड़ंजे, जनता त्रस्त
Abid Hussain
Sat, Dec 27, 2025
टनकपुर: विष्णुपुरी कॉलोनी में ठेकेदार की मनमानी, JCB से तोड़े गए RCC इंटरलॉक खड़ंजे, जनता त्रस्त
टनकपुर। विष्णुपुरी कॉलोनी में वाटर सप्लाई पाइपलाइन बिछाने के नाम पर ठेकेदार द्वारा की जा रही मनमानी अब खुलकर सामने आ गई है। कॉलोनी में JCB मशीन से आर.सी.सी. इंटरलॉक खड़ंजों को अव्यवस्थित और लापरवाही भरे तरीके से तोड़ा जा रहा है, जिससे स्थानीय नागरिकों को भारी नुकसान और परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि कई दिनों पहले खोदे गए गड्ढों को आज तक ठीक नहीं किया गया, जिससे रास्ते बदहाल हो चुके हैं। घरों के सामने टूटी सड़कें, उखड़े खड़ंजे और खुले गड्ढे किसी बड़े हादसे को दावत दे रहे हैं। पैदल चलना तो दूर, दोपहिया और बुजुर्गों का निकलना भी मुश्किल हो गया है।
इस गंभीर समस्या को लेकर विष्णुपुरी कॉलोनी वासियों ने उपजिलाधिकारी पूर्णागिरी (टनकपुर) को लिखित शिकायत सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में साफ तौर पर कहा गया है कि ठेकेदार द्वारा न तो सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा है और न ही खुदाई के बाद मरम्मत कार्य कराया जा रहा है।
कॉलोनी वासियों ने प्रशासन से मांग की है कि
दोषी ठेकेदार पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाए
कार्यदायी संस्था को पूरी कॉलोनी के खड़ंजों की मरम्मत के स्पष्ट निर्देश दिए जाएं
भविष्य में इस तरह की लापरवाही पर सख्त निगरानी रखी जाए
यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो कॉलोनी वासी आंदोलन को बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह संबंधित ठेकेदार और विभाग की होगी।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन जनता की पीड़ा पर तत्काल संज्ञान लेता है या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।
Tags :
लापरवाही