नारद जयंती समारोह में पत्रकारिता पर मंथन, टनकपुर के युवा पत्रकार : मयंक पंत को मिला सम्मान
Abid Hussain
Sun, May 17, 2026
हल्द्वानी। विश्व संवाद केंद्र उत्तराखंड की ओर से नारद जयंती के अवसर पर एमबीपीजी कॉलेज सभागार में विचार गोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारिता की वर्तमान चुनौतियों, सामाजिक दायित्व और निष्पक्षता जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में प्रदेशभर से पत्रकार, शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता और बुद्धिजीवी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उप श्रम आयुक्त कमल जोशी ने की, जबकि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय प्रचार प्रमुख पदम जी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकारिता केवल सूचना देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा दिखाने का दायित्व भी निभाती है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में पत्रकारों को राष्ट्रहित और सामाजिक सरोकारों को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।
मुख्य अतिथि राज्य मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने भारतीय पत्रकारिता की परंपरा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय मीडिया की मूल भावना सदैव सत्य और समाजहित रही है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को निष्पक्षता, विश्वसनीयता और नैतिक मूल्यों के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभानी चाहिए।
विशिष्ट अतिथि एवं उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के सहायक क्षेत्रीय निदेशक डॉ. बृजेश बनकोटी ने कहा कि पत्रकारिता समाज की आवाज है और इसे केवल पेशा नहीं, बल्कि जनसेवा के रूप में देखा जाना चाहिए। उन्होंने फेक न्यूज़ और टीआरपी आधारित पत्रकारिता को वर्तमान समय की बड़ी चुनौती बताया।
समारोह के दौरान कुमाऊं मंडल के कई पत्रकारों को उत्कृष्ट एवं सकारात्मक पत्रकारिता के लिए सम्मानित किया गया। इसी क्रम में चम्पावत जनपद के टनकपुर निवासी युवा पत्रकार मयंक पंत को समाजहित में उल्लेखनीय योगदान और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए सम्मान प्रदान किया गया।
अध्यक्षीय संबोधन में कमल जोशी ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ हैं और समाज में जागरूकता फैलाने में उनकी अहम भूमिका रहती है। उन्होंने पत्रकारों से सत्य एवं निष्पक्षता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में एमबीपीजी कॉलेज के प्राचार्य एन.एस. बनकोटी सहित अनेक गणमान्य लोग, पत्रकार, स्वयंसेवक एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग मौजूद रहे।
Tags :
मेहनत का मिला इनाम