उत्तराखंड के उच्च शिक्षा क्षेत्र में बड़ी कामयाबी टनकपुर कॉलेज के : प्रो. डॉ. सुनील कटियार IISC बेंगलुरु के विशिष्ट प्रशिक्षण के लिए चयनित
Abid Hussain
Wed, Dec 24, 2025

■■ अब बॉटनी लैब बनेगी अत्याधुनिक, शोध और नवाचार को मिलेगी नई धार
टनकपुर/देहरादून। उत्तराखंड के शैक्षणिक मानचित्र पर राजकीय महाविद्यालय टनकपुर ने एक बार फिर अपनी सशक्त मौजूदगी दर्ज कराई है। बॉटनी विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. डॉ. सुनील कुमार कटियार का चयन देश के सर्वोच्च विज्ञान संस्थान IISC बेंगलुरु द्वारा आयोजित सेकंड बैच विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए किया जाना, प्रदेश के उच्च शिक्षा क्षेत्र के लिए गर्व और उपलब्धि का क्षण है।
यह प्रशिक्षण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि महाविद्यालयों की बॉटनी प्रयोगशालाओं को आधुनिक हथियारों से लैस करने की निर्णायक पहल है। उन्नत माइक्रोस्कोपी, अत्याधुनिक विश्लेषणात्मक तकनीकें, वैश्विक प्रयोगशाला सुरक्षा मानक, गुणवत्ता नियंत्रण और शोध आधारित शिक्षण—इन सभी क्षेत्रों में यह प्रशिक्षण सीधे तौर पर शिक्षा की गुणवत्ता पर प्रहार करता है और उसे नई ऊँचाई पर पहुँचाता है।
उच्च शिक्षा विभाग, उत्तराखंड सरकार की यह पहल स्पष्ट संदेश देती है कि प्रदेश अब पुरानी व्यवस्थाओं से नहीं, बल्कि आधुनिक तकनीक और अनुसंधान की ताकत से आगे बढ़ेगा। इस प्रशिक्षण से न केवल प्रयोगशालाएँ बदलेगीं, बल्कि छात्र रोजगारोन्मुख, नवाचारी और शोध के लिए पूरी तरह सक्षम बनेंगे।
प्रो. डॉ. कटियार ने इस उपलब्धि को संस्थान और विद्यार्थियों को समर्पित करते हुए उच्च शिक्षा सचिव, निदेशक उच्च शिक्षा उत्तराखंड एवं महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अनुपमा तिवारी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह प्रशिक्षण टनकपुर कॉलेज को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रयोगात्मक क्षमता से लैस करेगा।
यह चयन सिर्फ एक व्यक्ति की सफलता नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के महाविद्यालयों के लिए चेतावनी और प्रेरणा है—कि जो संस्थान प्रशिक्षण, नवाचार और गुणवत्ता को प्राथमिकता देगा, वही शिक्षा की दौड़ में आगे रहेगा।
Tags :
कामयाबी