Mon 24 Aug 2026

ब्रेकिंग

15 पुलिसकर्मी सम्मानित

स्थलीय निरीक्षण

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से झूलों व जिम उपकरणों के शीघ्र सुधार की मांग की

मनाए जाने की करी अपील

गुदमी की नई कार्यकारिणी गठित

सुचना

गांव की चौपाल में पहुंचे जिलाधिकारी मनीष कुमार, जनता से : सीधा संवाद कर सुनीं समस्याएं

Abid Hussain

Sat, May 30, 2026

■■मुख्यमंत्री धामी के ‘आदर्श चम्पावत’ संकल्प को मिला बल, संस्कृति और जनकल्याण पर विशेष जोर

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जनकेंद्रित प्रशासन और “सरकार जनता के द्वार” की सोच को आगे बढ़ाते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने शनिवार को विकासखंड चम्पावत की ग्राम पंचायत श्याला में जनचौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। सिद्धपीठ बाबा मंदिर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों ने खुलकर अपनी समस्याएं और सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे।

जनचौपाल के दौरान ग्रामीणों ने खेती को नुकसान पहुंचा रहे जंगली जानवरों से बचाव के लिए सुरक्षा घेरबाड़ की मांग उठाई। इसके साथ ही क्षेत्र में पेयजल, विद्युत आपूर्ति और सड़क सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को भी प्रशासन के समक्ष रखा गया। ग्रामीणों ने सिद्धपीठ बाबा मंदिर के सौंदर्यीकरण और परिसर में लगे ट्रांसफार्मर को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग भी की।

जिलाधिकारी ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

कार्यक्रम के दौरान राजकीय इंटर कॉलेज सूखीढ़ागं की मेधावी छात्रा पूर्णिमा आर्या ने उच्च शिक्षा के लिए सहायता की मांग रखी। जिलाधिकारी ने छात्रा की सराहना करते हुए उसे हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

वहीं ग्रामीण शंकर जोशी ने सूखीढ़ागं स्थित शिशु मंदिर विद्यालय के अधूरे भवन निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को आवश्यक कार्ययोजना तैयार कर प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए।

जनचौपाल के दौरान “नशा मुक्त भारत-नशा मुक्त देवभूमि” अभियान को मजबूत बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री संस्कृति संवर्धन पहल के तहत गौरा मैया कीर्तन मंडली, जौल को संस्कृति संवर्धन किट भी प्रदान की गई। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि सांस्कृतिक गतिविधियां समाज को सकारात्मक दिशा देने और युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

कीर्तन मंडली की महिलाओं ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिल रही है।

इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी अशोक अधिकारी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, राजस्व विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Tags :

दमदार मिसाल

जरूरी खबरें