यातायात नियमों की अनदेखी पर परिवहन विभाग का सख़्त प्रहार चम्पावत– : लोहाघाट –पिथौरागढ़ में दो दिवसीय सघन प्रवर्तन अभियान, 215 चालान
Abid Hussain
Wed, Feb 11, 2026
215 चालान, स्कूल बस तक सीज़
जनपद चम्पावत के चम्पावत, लोहाघाट, बाराकोट तथा पिथौरागढ़ जनपद के सीमावर्ती घाट एवं पनार क्षेत्रों मे बीते दो दिनों के अंदर परिवहन विभाग द्वारा ARTO (प्रवर्तन) के नेतृत्व में दो दिवसीय सघन प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों पर प्रभावी नियंत्रण एवं सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा।
इस व्यापक अभियान के दौरान कुल 215 वाहनों के चालान, 02 वाहनों को सीज़ तथा 21 वाहन चालकों के दस्तावेज़ ज़ब्त किए गए। कार्यवाही के अंतर्गत बिना टैक्स (10), बिना परमिट (1), बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस (3), बिना फिटनेस प्रमाणपत्र (5), बिना बीमा (13), बिना प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (6), बिना सीट बेल्ट (50), बिना हेलमेट दुपहिया वाहन संचालन (130), ध्वनि प्रदूषण (1), नशे की अवस्था में वाहन संचालन (1), ट्रिपल राइडिंग (4), सवारी वाहनों में ओवरलोडिंग (4), बिना रिफ्लेक्टर (6), बिना ढके माल का परिवहन (4), बिना HSRP (5), ओवरस्पीडिंग (8) एवं वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के प्रयोग (2) जैसे गंभीर अभियोगों में चालान किए गए।
अभियान के दौरान चम्पावत क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित विद्यालय की स्कूल बस को स्कूली बच्चों का परिवहन करते हुए पकड़ा गया, जो बिना फिटनेस प्रमाणपत्र, बिना टैक्स, बिना परमिट एवं बिना बीमा संचालित पाई गई। यह मामला अत्यंत गंभीर मानते हुए उक्त बस को नियमानुसार जुर्माना कर कोतवाली चम्पावत में निरुद्ध किया गया। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
लोहाघाट क्षेत्र में एआरएम लोहाघाट धीरज वर्मा के साथ संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें टैक्सी चालकों द्वारा ओवरलोडिंग एवं अन्य यातायात नियम उल्लंघनों पर सख़्त कार्यवाही की गई। वहीं रात्रिकालीन चेकिंग के दौरान एक वाहन चालक को नशे की हालत में वाहन संचालन करते हुए पकड़ा गया, जिसका ड्रिंक एंड ड्राइव के अभियोग में चालान कर वाहन को कोतवाली लोहाघाट में सीज़ किया गया।
इसके अतिरिक्त पिथौरागढ़ जनपद के घाट एवं पनार क्षेत्रों में ARTO (प्रवर्तन) पिथौरागढ़ शिवांश कांडपाल के साथ संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें नियमों की अनदेखी करने पर एक यूटीसी बस का भी चालान किया गया।
परिवहन विभाग ने आम नागरिकों को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन न केवल दंडनीय अपराध है, बल्कि यह जनजीवन के लिए गंभीर खतरा भी है। विभाग ने स्पष्ट किया कि नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं, अपने परिवार और समाज की सुरक्षा के लिए अनिवार्य है।
इस प्रवर्तन अभियान में परिवहन विभाग से सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) मनोज बगोरिया, परिवहन उप निरीक्षक आनंद सिंह बिष्ट, परिवहन आरक्षी महेंद्र पाल, किशन कुमार आर्या, नीरज कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
परिवहन विभाग ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में भी ऐसे सघन और कठोर अभियान लगातार जारी रहेंगे।
Tags :
परिवहन विभाग की कार्रवाई